चंडीगढ़ : भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा: राव नरेंद्र
चंडीगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। पंचकूला नगर निगम में हुए 160 करोड़ रुपये के घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। राव ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और एक घोटाले की गूंज थमने से पहले दूसरा घोटाला सामने आ जाता है।
राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि पंचकूला नगर निगम में हुआ यह घोटाला भ्रष्ट सरकारी तंत्र की सच्चाई को पूरी तरह उजागर करता है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण से स्पष्ट होता है कि सरकारी संस्थानों में जवाबदेही लगभग समाप्त हो चुकी है। यह घोटाला राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अधिकारियों द्वारा सोची-समझी साजिश के तहत किया गया प्रतीत होता है। जनता से विभिन्न प्रकार के शुल्क वसूल किए जा रहे हैं, लेकिन यह धन विकास कार्यों में खर्च होने के बजाय भ्रष्ट राजनेताओं और अधिकारियों की जेब में जा रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि यदि निष्पक्ष जांच होती है, तो घोटाले की राशि और अधिक बढ़कर सामने आ सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक इस मामले में पारदर्शिता नहीं लाई जाती, कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा