चंडीगढ़: गेहूं खरीद की शर्तों पर इनेलो आक्रामक, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
अभय चौटाला ने खरीद प्रक्रिया पर उठाए सवाल, मंडियों में कष्ट निवारण केंद्र बनाने की मांग
चंडीगढ़, 28 मार्च (हि.स.)। इनेलो ने गेहूं खरीद की शर्तों पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष को ज्ञापन सौंपा। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा के नेतृत्व में इनेलो प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को गेहूं खरीद में आ रही समस्याओं बारे अवगत कराया। अभय चौटाला ने राज्यपाल को अवगत कराया कि खरीद प्रक्रिया में लागू शर्तें जिनमें, गेट पास, बायोमेट्रिक और नॉमिनी प्रणाली जटिल और किसानों के लिए बाधक है। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्र शुरू न होने से किसानों को भारी परेशानी हो रही है।
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि सरकार ने गेहूं की खरीद पर ट्रैक्टर-ट्राली का नंबर देने, मंडी में जाकर गेट पास लेने, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराने और 3 लोग नॉमिनी अनिवार्य होने जैसी शर्तें लगाई हैं। ये सभी शर्तें क्यों लगाई गई हैं? गेहूं की खरीद पर ऐसी शर्तें कभी नहीं थी। गेट पास का समय सुबह 6 से रात 8 बजे तक का रखा है यह भी चौबीस घंटे होना चाहिए। क्योंकि दिन में आग लगने का डर रहता है इसलिए गेहूं रात को कटती है और रात को ही मंडियों में आती है। झोटा बुगी, बैल गाड़ी और उंट गाड़ी पर जो फसल लेकर आएगा उनको गेट पास कैसे मिलेगा। इन सभी मांगों को लेकर 12 मार्च को मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया था कि खरीद केंद्र बंद नहीं किए जाएंगे और लाइसेंस रिन्यू किए जाएंगे। आज तक मुख्यमंत्री की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है इसलिए राज्यपाल से मिले हैं। इसके लिए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। राज्यपाल ने आश्वासन दिया है इनेलो की मांगों को लेकर वे सरकार से बातचीत करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. सम्पत सिंह किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष फूल सिंह मंजूरा, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, पूर्व मंत्री एवं इनेलो की पार्लियामेंट अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन वासुदेव शर्मा, सदस्य पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा, सदस्य पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर, विधायक अदित्य देवीलाल, विधायक अर्जुन चौटाला, महिला प्रदेशाध्यक्ष तनुजा कश्यप, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश गोयल, पूर्व विधायक रामफल कुंडू, पार्टी सेक्रेटरी नछत्तर सिंह मल्हान, प्रदेश प्रवक्ता डा. सतबीर सैनी शामिल रहे।
30 को पानीपत में होगी बैठक
अभय चौटाला ने कहा इनेलो 30 मार्च को पानीपत में बैठक करेगी और किसानों को लेकर रणनीति बनाएगी। इनेलो मंडियों में किसान कष्ट निवारण केंद्र बनाएगी। अगर किसी किसान को कोई दिक्कत आएगी तो किसान हमारे किसान कष्ट निवारण केंद्र पर आकर संपर्क करेगा। उसके बाद किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से बात करेंगे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा