गुरुग्राम: हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश एवं सभी जिला कार्यकारिणी भंग

 


-अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने जारी किए आदेश

-नये सिरे से गठित की जाएंगी कार्यकारिणी

गुरुग्राम, 16 मई (हि.स.)। हरियाणा महिला कांगे्रस की प्रदेश एवं प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकारिणियों को भंग कर दिया गया है। जल्द ही नई कार्यकारिणी का नये सिरे से गठन होगा। महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने शनिवार को बताया कि प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय, प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान शुरू किया जा रहा है।अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश एवं जिला में वर्तमान कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए। साथ ही नये सिरे से गठन की प्रक्रिया शुरू की जाए। पर्ल चौधरी ने शनिवार को कहा कि महिला कांग्रेस कार्यकारिणी के नये सिरे से गठन का उद्देश्य हरियाणा के प्रत्येक जिले, प्रत्येक ब्लॉक, प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक गांव एवं प्रत्येक बूथ तक महिला कांग्रेस की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना है, ताकि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, जनहित के मुद्दों एवं महिलाओं की आवाज को और अधिक मजबूती से जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस समाज के सभी वर्गों, 36 बिरादरी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, युवा, शिक्षित एवं सामाजिक रूप से सक्रिय महिलाओं को संगठन में सम्मानजनक एवं प्रभावी भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला कांग्रेस का मानना है कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाए बिना लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने एवं महिला आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू करवाने के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने मांग की कि महिला आरक्षण में एससी, एसटी के साथ-साथ ओबीसी वर्ग की महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि हर वर्ग की महिलाओं को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व मिल सके। पर्ल चौधरी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस आगामी विधानसभा, लोकसभा, नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों में महिलाओं की मजबूत एवं निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व तैयार करने का कार्य करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर