गुरुग्राम: स्विगी इंस्टामार्ट के स्टोर स्टाफ पर सामान कम देने का आरोप

 

गुरुग्राम, 26 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर-1 स्थित चौमा गांव में स्विगी इंस्टामार्ट के करीब 30 से 40 डिलीवरी पार्टनर्स ने स्टोर से मिलने वाले ऑर्डर को लेकर पालम विहार थाने में शिकायत दी। शनिवार को डिलीवरी पार्टनर्स ने बताया कि कुछ मामलों में ग्राहकों को ऑर्डर मिलने के बाद सामान कम होने की शिकायत सामने आती है, जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

डिलीवरी पार्टनर्स ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें स्टोर से पैक किया हुआ ऑर्डर मिलता है, जिसे वे ग्राहक के पते तक पहुंचाते हैं। उनका कहना है कि पैकेट में कौन-कौन सा सामान रखा गया है, इसकी पूरी जानकारी उनके पास नहीं होती। ग्राहक द्वारा सामान कम होने की शिकायत किए जाने पर कई बार डिलीवरी पार्टनर्स को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्टनर्स का कहना है कि ऐसी शिकायतों के कारण कुछ डिलीवरी आईडी के संचालन पर भी असर पड़ता है। इससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होने की चिंता रहती है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जरूरत पडऩे पर स्टोर के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की मांग की है, ताकि ऑर्डर पैक होने से लेकर डिलीवरी तक की प्रक्रिया स्पष्ट हो सके।

जिन डिलीवरी पार्टनर्स की आईडी किसी शिकायत के चलते बंद हुई है, उनकी स्थिति की भी जांच कराने का अनुरोध किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में डिलीवरी पार्टनर्स ने स्टोर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ऑर्डर पैक करते समय सामान कम हुआ या नहीं। साथ ही ब्लॉक की गई आईडी को दोबारा शुरू कराने में मदद की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर