गुरुग्राम: स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी करने रोज फील्ड में निकलेंगें अधिकारी
-निगमायुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर सुबह 10 से 12 बजे तक अधिकारियों का फील्ड दौरा
-जीवीपी की प्रतिदिन सफाई के बाद चूना डालना अनिवार्य
गुरुग्राम, 05 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा सभी अतिरिक्त निगमायुक्त एवं संयुक्त आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि वे रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक फील्ड में मौजूद रहकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करें। सोमवार को अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, रविन्द्र यादव, डॉ. जयवीर यादव एवं कुशल कटारिया तथा संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, रविन्द्र मलिक एवं डॉ. आशीष सिंगला ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने विभिन्न गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) का निरीक्षण करते हुए वहां से कचरा उठान की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित सफाई टीमों को जीवीपी की पर्याप्त एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जीवीपी से कचरा उठाने के बाद संबंधित स्थल पर चूना अवश्य डलवाया जाए, ताकि वहां दोबारा कचरा जमा होने की संभावना को कम किया जा सके तथा स्थल साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित दिखाई दे। इसके साथ ही इन स्थानों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
नगर निगम की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सोमवार को कई स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों, वार्ड कमेटी सदस्यों, स्थानीय निवासियों और सफाई कर्मचारियों ने मिलकर स्वच्छता अभियान चलाए तथा श्रमदान किया।
डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला ने संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार एवं स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर शिवजी पार्क क्षेत्र में सफाई अभियान में भाग लिया। उन्होंने लोगों के साथ मिलकर श्रमदान करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। इसी प्रकार निगम पार्षद परमिन्द्र कटारिया ने अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव एवं स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर वार्ड-35 क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इन अभियानों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।
निगमायुक्त ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे, सेक्टर-29 एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष रूप से बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन प्रमुख क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का सीएंडडी वेस्ट, बागवानी वेस्ट या अन्य कचरा दिखाई नहीं देना चाहिए। अधिकारियों को इन क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा यदि कहीं कचरा दिखाई देता है तो उसे तत्काल उठवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य शहर के प्रमुख प्रवेश एवं सार्वजनिक क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर