गुरुग्राम: सिविल लाइन में हादसों का न्यौता दे रहा सूखा पेड़ बना खतरा, हटाने में कोताही

 


-निगमायुक्त को शिकायत के बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई

गुरुग्राम, 10 जुलाई (हि.स.)। हादसों के बाद जागने वाले अधिकारी संभावित हादसे की सूचना देने के बाद भी गंभीरता नहीं दिखा रहे। सिविल लाइन क्षेत्र में एक सूखे पेड़ को हटाने की सूचना गुरुग्राम के निगमायुक्त को ईमेल के माध्यम से दे दी गई, लेकिन उन्होंने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया। यहां सूखा पेड़ बीच में से टूट चुका है और बिल्डिंग से सटा हुआ है। तेज आंधी-बरसात में अगर यह पेड़ गिरा तो बड़ा नुकसान होगा।

सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पार्क इन होटल के ठीक साथ में आपका सिटी प्लाजा बिल्डिंग है। बिल्डिंग के कोने पर ही एक विशाल सूखा पेड़ कई साल से खड़ा है। धीरे-धीरे यह पेड़ बिल्डिंग की तरफ झुकता चला गया। नीचे से करीब पांच फुट ऊपर से यह पेड़ टूट चुका है। ऊपर बिल्डिंग से सटा होने के कारण यह गिर नहीं रहा। तेज आंधी और बरसात में इसके गिरने का खतरा बना हुआ है। इस पेड़ को हटाने को लेकर डीएफओ सुभाष यादव से बात की गई थी। उन्होंने नगर निगम में शिकायत करने को कहा। साथ ही कहा कि पेड़ काटने की परमिशन उनकी ओर से दे दी जाएगी। उनके कहे अनुसार नगर निगम आयुक्त को ई-मेल के माध्यम से इस सूखे पेड़ की शिकायत तस्वीर के साथ 03 जुलाई 2026 को भेजी गई थी। इस शिकायत पर ना कोई कार्रवाई हुई और ना ही कोई रिप्लाई मिला। 09 जुलाई 2026 को फिर से शिकायत ई-मेल से भेजी गई। इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पेड़ गिरने के कगार पर है, लेकिन शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जिस दिन भी यह पेड़ गिरेगा, जान-माल का काफी नुकसान होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर