गुरुग्राम: सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर पर फायरिंग के आराेपी पंजाब से गिरफ्तार
-पंजाब से पकड़े गए फायरिंग के आरोपियों ने कबूला अपना अपराध
-सेक्टर-45 में सौरभ के घर के बाहर गोली चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 09 मई (हि.स.)। यहां सेक्टर-45 में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ के घर के बाहर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने पंजाब से दो शूटर को गिरफ्तार किया है। दो मई 2026 को इस गोलीकांड को लेकर प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकारा है कि वे सौरभ को मारने आए थे। सुरक्षा में तैनात सिपाही को गोली लग गई।
अपराध शाखा सेक्टर-40, सेक्टर-39 व सेक्टर-17 गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने सांझा ऑपरेशन में गोली चलाने के दो आरोपियों को पंजाब से काबू किया है। आरोपियों की पहचान गुरशेर सिंह उर्फ शेरा (उम्र 23 वर्ष) व जसपाल उर्फ बबल (उम्र 28 वर्ष) है। दोनों ही पंजाब के गांव नौने जिला तरन तारन के रहने वाले हैं। आरोपियों ने प्राथमिक पूछताछ में इस बात को स्वीकारा है कि वे राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ की हत्या करने के लिए आए थे। वहां उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर गोली चलाई थी। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड से पता चला है कि गुरशेर पर हत्या का प्रयास करने, शस्त्र अधिनियम के तहत एक केस पंजाब में तथा आरोपी जसपाल पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, एनडीपीएस एक्ट के तहत दो केस पंजाब में दर्ज हैं।
बता दें कि दो मई 2026 की रात को थाना सेक्टर-40 गुरुग्राम क्षेत्र के गांव कन्हई सेक्टर-45 में सौरभ नामक व्यक्ति के मकान के बाहर दो व्यक्तियों द्वारा गोली चलाई गई थी। एक सिपाही को गोली लगी। सुरक्षा में तैनात सिपाही की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस सेक्टर-40 में दर्ज किया गया। इस घटना में दो गोलियां सिपाही कुलबीर के हाथ और पैर को छूती हुई निकल गई। गोली लगने से घायल सिपाही उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इनसे पूर्व चार अन्य आरोपियों को पुलिस गुरुग्राम से काबू कर चुकी है। आरोपियों की पहचान अशोक उर्फ पहलवान (उम्र-35 वर्ष) निवासी गांव बखेता जिला रोहतक (हरियाणा), सुमित (उम्र-33 वर्ष) निवासी गांव कथुरा जिला सोनीपत (हरियाणा), मनोज काबर (उम्र-36 वर्ष) निवासी गांव चीडी जिला रोहतक (हरियाणा) व विक्की (उम्र-36 वर्ष) निवासी गांव गढ़ शाहजांपुर जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि सौरभ व दीपक नांदल आपस में पुराने जानकार थे। रुपयों को लेकर दोनों में कोई विवाद था। जिस पर दीपक नांदल ने सौरव को धमकी भी दी थी। सौरभ पर गोली चलाने की वारदात को दीपक नांदल द्वारा अंजाम दिलाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर