गुरुग्राम: सरकार द्वारा तय वेतन की जानकारी नोटिस बोर्ड पर लगाएं कंपनियां
आईएमटी मानेसर में श्रमिकों की हड़ताल को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
श्रमिकों के वेतन, शांति व्यवस्था व पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर दिया गया विशेष जोर
गुरुग्राम, 10 अप्रैल (हि.स.)। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त मानेसर प्रबीना द्वारा आईएमटी मानेसर की कंपनियों, प्रतिनिधियों और ठेकेदारों के साथ बैठक की गई। क्षेत्र में स्थित विभिन्न कंपनियों में पिछले कई दिनों से चल रही श्रमिकों की हड़ताल के संबंध चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों की समस्याओं का समाधान एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बनाए रखना रहा। बैठक के दौरान कंपनियों के मालिकों/प्रतिनिधियों व ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सरकार द्वारा निर्धारित किए गए मानदेय/वेतन के अनुरूप ही सभी श्रमिकों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक कंपनी को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर नोटिस बोर्ड पर सरकार द्वारा निर्धारित वेतन संबंधी जानकारी प्रदर्शित करें, ताकि श्रमिकों को पारदर्शी जानकारी उपलब्ध हो सके।
पुलिस उपायुक्त द्वारा सभी उपस्थित पक्षों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कर्मचारियों के बीच शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। श्रमिकों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके।
इसके अतिरिक्त कंपनियों के मालिकों/प्रतिनिधियों व ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी श्रमिक के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न किया जाए तथा किसी भी कर्मचारी को व्यक्तिगत रूप से परेशान न किया जाए। श्रमिकों के अधिकारों का सम्मान करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर