गुरुग्राम: सफाई, सडक़ सुधार और प्रदूषण नियंत्रण कार्यों में ढिलाई पर नपेंगें अधिकारी
निगमायुक्त प्रदीप दहिया अधिकारियों के साथ बैठक में सख्ती से दिए निर्देश
-सीएक्यूएम एनुअल एक्शन प्लान के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश
गुरुग्राम, 20 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था, सडक़ सुधारीकरण तथा प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई सहन नहीं की जाएगी। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप एनुअल एक्शन प्लान में निर्धारित लक्ष्यों को तय समय में पूरा करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वे सोमवार को अधिकारियों के साथ इन विषयों पर बैठक ले रहे थे।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएं और गुरुग्राम को स्वच्छ, हरित व प्रदूषण मुक्त बनाने के अभियान में और तेजी लाएं। निगमायुक्त ने समीक्षा बैठक के दौरान शहर में डिविजन वाइज सर्फेस पार्किंग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ों पर खड़े वाहनों की संख्या कम करने से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। बैठक में जीएमडीए अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनवरी से मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों के तहत पुलिस विभाग के सहयोग से चार प्रमुख जंक्शन का सुधार कार्य पूरा किया जा चुका है। इनमें पालम विहार चौक, सेक्टर 40/45 चौक, सेक्टर 4/5 चौक तथा सेक्टर 48/49 रोड शामिल हैं। अप्रैल से जून तिमाही के लक्ष्यों के तहत पांच जंक्शनों पर सुधार कार्य प्रगति पर है। इनमें मॉडर्न बाजार मैफील्ड गार्डन, सेक्टर 52 ताऊ देवीलाल पार्क के सामने, सेक्टर 72ए/33 रोड, आर्केडिया रोड तथा सेक्टर 9 चौक शामिल हैं।
बैठक में शहर के ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज में अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने पर भी जोर दिया गया। संबंधित विभागों को पौधारोपण और रखरखाव के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर