गुरुग्राम: संपत्ति कर के 1.51 करोड़ बकाया होने पर की संपत्तियां सील

 


-सिकोम लिमिटेड और टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड की संपत्तियों पर कार्रवाई

गुरुग्राम, 05 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा संपत्ति कर की बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने के लिए बकायेदार संपत्ति मालिकों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को निगम की प्रवर्तन टीमों ने जोन-5 एवं जोन-6 में संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने वाली चार संपत्तियों को सील किया। इन पर 1.51 करोड़ रुपये संपत्ति कर बकाया है।

नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, इन चार संपत्तियों पर कुल 1,51,64,104 रुपए की संपत्ति कर राशि बकाया है।

कार्रवाई के तहत जोन-5 में दो तथा जोन-6 में दो संपत्तियां सील की गईं। जोन-5 में की गई कार्रवाई के दौरान सिकोम लिमिटेड, सेक्टर-16 तथा टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड, जेएमडी पैसिफिक स्क्वायर, सेक्टर-16 की संपत्तियों को सील किया गया। इनमें सिकोम लिमिटेड पर 83,56,982 रुपए तथा टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड 37,59,951 रुपए का संपत्ति कर बकाया है।

जोन-6 में साईएक्सपो ओवरसीज कंपनी की दो संपत्तियां सील

जोन-6 में भी संपत्ति कर बकायेदार के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने साईएक्सपो ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड की सेक्टर-61 स्थित दो संपत्तियों को सील किया। विवरण इनमें सेंटर वन स्थित एसएफ 27 पर 15,15,723 रुपए तथा एफएफ 18 पर 15,31,448 रुपए का संपत्ति कर बकाया है।

गर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा संपत्ति कर की बकाया राशि की वसूली के लिए संबंधित संपत्ति मालिकों को नियमानुसार कार्रवाई से पहले बकाया राशि जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में बकाया कर का भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में निगम द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सभी संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे अपने संपत्ति कर का समय पर भुगतान करें तथा अपनी संपत्ति से संबंधित कर विवरण और बकाया राशि की नियमित रूप से जांच करते रहें। संपत्ति कर नगर निगम के महत्वपूर्ण राजस्व स्रोतों में से एक है। इससे प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर में सफाई व्यवस्था, सडक़ों, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर