गुरुग्राम: विभाजन का दर्द भूलना इतिहास से विश्वासघात: ओम प्रकाश धनखड़
-विभाजन की राजनीतिक जल्दबाजी की कीमत लाखों निर्दोष लोगों ने अपने खून, घर और सम्मान से चुकाई
गुरुग्राम, 13 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल देश के भूगोल का बंटवारा नहीं था, बल्कि करोड़ों भारतीयों के हृदय पर लगा ऐसा घाव था जिसकी टीस आज भी बाकी है। कांग्रेस और मुस्लिम लीग के तत्कालीन नेतृत्व की राजनीतिक जल्दबाजी, अदूरदर्शिता और परिस्थितियों को संभालने में विफलता की कीमत लाखों निर्दोष लोगों को अपने प्राण, घर-बार और सम्मान खोकर चुकानी पड़ी। वे गुरुवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।
ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को उस काले अध्याय को कभी नहीं भूलना चाहिए। हमारे बुजुर्गों ने विभाजन के दौरान असंख्य बलिदान दिए। हजारों परिवार बिछड़े, लाखों लोग अपनी पुरखों की जमीन और घर छोडक़र शरणार्थी बने तथा माताओं-बहनों ने ऐसी अमानवीय यातनाएं झेलीं जिन्हें शब्दों में व्यक्त करना भी कठिन है। विभाजन के कारण लाखों लोगों को अपनी जड़ों से उखडक़र नई जगहों पर जीवन दोबारा शुरू करना पड़ा। उन्होंने कहा कि आजादी के संघर्ष और विभाजन की त्रासदी में असंख्य ऐसे नायक और सामान्य भारतीय भी थे, जिनके त्याग और बलिदान को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला जिसके वे अधिकारी थे। दशकों तक देश की नई पीढ़ी के सामने इतिहास का अधूरा पक्ष रखा गया। कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि विभाजन की विभीषिका, विस्थापित परिवारों की पीड़ा और अनाम बलिदानियों की अनेक गाथाओं को राष्ट्रीय विमर्श में समुचित स्थान क्यों नहीं मिला।
धनखड़ ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य किसी के प्रति घृणा पैदा करना नहीं, बल्कि सत्य को याद रखना और उन अनाम लोगों को श्रद्धांजलि देना है जिन्होंने विभाजन की कीमत चुकाई। इतिहास को भूलने वाली पीढिय़ां अक्सर उसकी गलतियों को दोहराने का जोखिम उठाती हैं। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, माननीय केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल, कार्यक्रम के संयोजक बोधराज सीकरी, पूर्व ओएसडी जगदीश चोपड़ा, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर