गुरुग्राम: वर्दी नहीं पहनने वाले 522 चालकों के काटे 3.71 लाख के चालान

 


गुरुग्राम, 17 मार्च (हि.स.)। बिना वर्दी पहने ऑटो, ई-रिक्शा व टैक्सी चलाने वालों पर यातायात पुलिस ने शिकंजा कसते हुए उनके चालान काटे। कुल 522 वाहन चालकों के चालान काटकर उन पर 3.71 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।

यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों के खिलाफ यूनिफॉर्म न पहनकर चलने पर विशेष चालान अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा विभिन्न चौक चौराहों पर जाकर ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी चालकों को जागरुक तो किया ही गया, साथ ही बिना वर्दी पहने अपने वाहनों को चलाते हुए पाए जाने पर उनके चालान भी काटे गए। यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा नौ मार्च 2026 से 15 मार्च 2026 तक 522 चालान किए गए, जिन पर 3.71 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस द्वारा ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, ई-रिक्शा चालकों को जागरूकता अभियान के दौरान यात्रियों के साथ मधुर व्यवहार करने, वाहन को निर्धारित गति में चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, किसी भी प्रकार का नशा न करने, यातायात नियमों की पालना करने के लिए भी जागरुक किया गया। डायल 112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 की भी जानकारी भी दी गई। सभी ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपना वाहन चलाते समय निर्धारित की गई ग्रे वर्दी अवश्य पहनें और अनावश्यक चालान से बचें। यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा इस प्रकार के चालान अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर