गुरुग्राम: लेबर लॉ एडवाइजर उद्योग, श्रमिक और श्रम विभाग के बीच एक मजबूत सेतु: भगत प्रताप सिंह
गुरुग्राम, 06 जुलाई (हि.स.)। लेबर लॉ एडवाइजर्स एसोसिएशन गुरुग्राम के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को हरियाणा श्रम विभाग के नव नियुक्त उपश्रमायुक्त गुरुग्राम (सर्कल-1) भगत प्रताप सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। नई जिम्मेदारी संभालने पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयोजित सौहार्दपूर्ण बैठक में गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक शांति बनाए रखने, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, श्रमिकों एवं नियोजकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा श्रम विवादों के त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में श्रम विभाग और लेबर लॉ एडवाइजरों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी सहमति बनी। इस दौरान उपश्रमायुक्त गुरुग्राम (सर्कल-2) नवीन शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास के लिए शांतिपूर्ण औद्योगिक वातावरण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए श्रम विभाग, उद्योग प्रबंधन, श्रमिक संगठनों तथा लेबर लॉ एडवाइजरों के बीच सकारात्मक सहयोग और संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नव नियुक्त उपश्रमायुक्त भगत प्रताप सिंह ने कहा कि श्रम विभाग का लक्ष्य श्रमिकों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा करते हुए उद्योगों के लिए अनुकूल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रभावी क्रियान्वयन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लेबर लॉ एडवाइजर एसोसिएशन गुरुग्राम के अध्यक्ष आर.एल. शर्मा एडवोकेट ने कहा कि एसोसिएशन वर्षों से श्रम कानूनों के प्रभावी पालन, औद्योगिक शांति बनाए रखने तथा श्रमिकों और नियोजकों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लेबर लॉ एडवाइजर उद्योग, श्रमिक और श्रम विभाग के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ श्रमिक नेता एस. एस. थीरियान ने कहा कि गुरुग्राम देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है, जहां औद्योगिक शांति बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रम विभाग, उद्योग प्रबंधन, श्रमिक संगठनों और लेबर लॉ एडवाइजरों के आपसी समन्वय से ही श्रमिकों के हितों की रक्षा करते हुए उद्योगों का सतत विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ श्रमिक नेता एस.एस. थीरियान, उपाध्यक्ष तूफान सिंह तथा प्रवक्ता हरि नारायण सारस्वत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर