गुरुग्राम में सफाई की नई व्यवस्था, हर वार्ड को मिलेंगें तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली व 50 सफाई कर्मचारी

 


-नगर निगम गुरुग्राम की सदन की सामान्य बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

-बैठक में वार्ड-27 के पार्षद अशीष गुप्ता को निर्विरोध बनाया गया एफएंडसीसी सदस्य

गुरुग्राम, 01 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम सदन की गुरुवार को हुई सामान्य बैठक में सफाई से संबंधित अहम निर्णय लिया गया। संसाधनों और सफाई कर्मचारियों की कमी से सफाई व्यवस्था बाधित ना हो, इसके लिए हर वार्ड में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली व 50 सफाईकर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठ की अध्यक्षता मेयर राजरानी मल्होत्रा ने की। साथ ही इस बैठक में वार्ड-27 के पार्षद आशीष गुप्ता को सर्वसम्मति से निर्विरोध वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) का सदस्य चयनित किया गया।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने तथा निगम की संपत्तियों के संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सदन ने इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए शहर की नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। प्रत्येक वार्ड में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और 50 सफाई कर्मचारियों की तैनाती के निर्णय के बाद धरातल पर काम शुरू होने के बाद सफाई व्यवस्था सुधरने की उम्मीद है। इससे वार्ड स्तर पर सफाई कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों और मानवबल में वृद्धि होगी। बैठक में वार्ड-21 के अंतर्गत 272 एकड़ जमीन की डिमार्केशन कराने का निर्णय लिया गया। डिमार्केशन के बाद जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाने तथा भूमि को नगर निगम के अधिपत्य में लेने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए चारदीवारी का निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया।

सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जैटिंग व सुपर सकर मशीनें

शहर की सीवरेज व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सदन में प्रत्येक दो वार्डों पर एक सुपर सकर मशीन और प्रति वार्ड एक जैटिंग मशीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इन मशीनों की उपलब्धता से सीवर लाइनों की सफाई, गाद एवं अवरोध हटाने तथा सीवरेज संबंधी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य गुरुग्राम के नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड में अतिरिक्त संसाधन एवं सफाई कर्मचारियों की तैनाती महत्वपूर्ण कदम है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम द्वारा सफाई, सीवरेज और सार्वजनिक भूमि से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, निगम अधिकारीगण एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर