गुरुग्राम में नई सोच, नया शहर स्वच्छ हरियाणा अभियान का हुआ शुभारंभ
मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
16 मई तक वार्ड-वार चलेगा जनजागरुकता व सफाई अभियान
गुरुग्राम, 01 मई (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा नई सोच, नया शहर-स्वच्छ हरियाणा अभियान का शुक्रवार को यहां शीतला माता मंदिर की पार्किंग से शुभारंभ किया गया। मेयर राजरानी मल्होत्रा और निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाते हुए नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
अभियान के तहत 16 मई तक प्रतिदिन अलग-अलग वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, चार बिन एक हैबिट अपनाने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारीके संदेश के साथ नागरिकों को शहर के विकास में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान का शुभारंभ मेयर और निगमायुक्त ने स्वयं श्रमदान कर किया, जिससे आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्वच्छता ताऊ मैस्कॉट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। वहीं, आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए जटायु मशीन और एंटी स्मॉग गन का भी संचालन किया जा रहा है, जिससे सफाई कार्य को प्रभावी बनाने के साथ-साथ प्रदूषण स्तर को कम करने में मदद मिलेगी। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की सोच में बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और शहर को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय सहयोग दें। इस मौके पर अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव, निगम पार्षद सुनीता वर्मा, सोनिया यादव व परमिंदर कटारिया, वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा सहित वार्ड कमेटी सदस्य, स्वच्छता कर्मी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्वच्छता अपनाने और शहर को स्वच्छ रखने की शपथ भी ली।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर