गुरुग्राम: महिला सुरक्षा के लिए पुलिस को मिली चार नई स्कॉर्पियो गाड़ी
-सोना कमस्टर ने सीएसआर के तहत भेंट किए ये वाहन
गुरुग्राम, 02 सितंबर (हि.स.)। महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम पुलिस को चार अत्याधुनिक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन मिले हैं। सोना कमस्टर ने सीएसआर के तहत ये वाहन पुलिस को प्रदान किए हैं, जो 24 गुणा 7 महिला सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
पुलिस आयुक्त कार्यालय से पुलिस आयुक्त शिवास कविराज, सोना कमस्टर के एमडी विवेक विक्रम सिंह एवं डीसीपी साउथ क्राइम हितेश यादव ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने बताया कि बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए मोबिलिटी, विजिबिलिटी और त्वरित रिस्पॉन्स को मजबूत करना जरूरी है। ये वाहन महिला सुरक्षा, त्वरित सहायता, प्रभावी गश्त और सामुदायिक पुलिसिंग में अहम भूमिका निभाएंगे।
इन वाहनों के जरिए रिहायशी इलाकों, बाजारों, व्यावसायिक केंद्रों, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक परिवहन मार्गों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी। ये वाहन महिला सुरक्षा के साथ-साथ कानून-व्यवस्था, आपातकालीन स्थिति और सार्वजनिक सहायता में भी पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाएंगे। गुरुग्राम पुलिस ने सोना कमस्टर के इस सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि इससे महिलाओं के लिए और अधिक सुरक्षित माहौल बनाने के प्रयासों को गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर