गुरुग्राम: ब्रेकअप से नाराज दिल्ली पुलिस के सिपाही ने एक्स गर्लफ्रेंड से की मारपीट
सिपाही ने थार से टक्कर मारकर सोसायटी का गेट तोड़ा
पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेजा
गुरुग्राम, 11 जून (हि.स.)। सेक्टर-56 स्थित जलवायु विहार सोसाइटी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां ब्रेकअप से नाराज दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने गुरुवार सुबह अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के साथ सरेआम मारपीट की। आरोपी ने युवती के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटा, थप्पड़ मारे और सोसाइटी के गेट में अपनी थार गाड़ी से टक्कर भी मार दी। पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रोनित यादव निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। वह दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है और एक मेट्रो स्टेशन पर उसकी ड्यूटी है। गुरुवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अदालत में याचिका भी दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़िता दिल्ली के एक कॉलेज में बीबीए की छात्रा है। पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात रोनित से हुई थी और दोनों के बीच दोस्ती हो गइ। हालांकि, आरोपी के व्यवहार और हरकतों से परेशान होकर युवती ने उससे रिश्ता खत्म कर लिया था। गुरुवार तड़के आरोपी शराब के नशे में काली महिंद्रा थार से जलवायु विहार सोसाइटी पहुंचा। उसने युवती के घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खुलने पर वह जबरन अंदर घुसने की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर उसने युवती की मां, उसकी 15 वर्षीय छोटी बहन को जान से मारने की धमकी दी और अश्लील टिप्पणियां कीं।
घटना के समय युवती एक पारिवारिक समारोह में गई हुई थी। मां के फोन करने पर वह वापस सोसाइटी पहुंची। आरोप है कि रोनित ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया और उसके बाल पकड़कर सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया। उसने युवती को कई थप्पड़ मारे और बाल पकड़कर घसीटा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी छोटी बहन के साथ भी छेड़छाड़ का प्रयास किया तथा बीच-बचाव करने आए एक युवक के साथ मारपीट की।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2025 में भी आरोपी इसी तरह की हरकत कर चुका था। उस समय शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन निजी वीडियो वायरल करने की धमकी मिलने के कारण परिवार ने शिकायत वापस ले ली थी। मारपीट के बाद जब आरोपी भागने लगा तो सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों ने गेट बंद कर दिया। इससे नाराज होकर उसने अपनी थार गाड़ी से गेट में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर