गुरुग्राम: बेहतर यातायात प्रबंधन के साथ अनुशासन, तकनीक एवं संवेदना जरूरी: सत्यपाल यादव

 


-पुलिस का लक्ष्य है बेहतर यातायात और सुरक्षित सडक़ें बनाना

गुरुग्राम, 05 अगस्त (हि.स.)। यातायात पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण सहायक पुलिस आयुक्त यातायात हाईवे/मुख्यालय सत्यपाल यादव द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण में लगभग 50 यातायात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों ने भाग लिया।

सहायक पुलिस आयुक्त सत्यपाल यादव ने अधिकारियों/कर्मचारियों को वर्तमान यातायात चुनौतियों से निपटने और सडक़ों पर सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और जवाबदेही के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही आमजन को सडक़ सुरक्षा नियमों, ई-चालान प्रणाली, ऑनलाइन चालान भुगतान और लंबित चालानों के कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक करने को कहा।

प्रशिक्षण में अधिकारियों को नागरिकों के साथ विनम्र और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग, दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, और महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों सहित जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त सत्यपाल यादव ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यकुशलता में निरंतर सुधार लाना, यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना और आमजन को पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित पुलिस सेवाएं देना है। यातायात पुलिस ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम की बढ़ती ट्रैफिक समस्या को तकनीक और बेहतर प्रबंधन से हल किया जा सके। पुलिस ने आमजन से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर