गुरुग्राम: बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से गिरकर व्यक्ति की मौत
पुलिस मृतक व्यक्ति की पहचान करने में जुटी
गुरुग्राम, 25 मार्च (हि.स.)। यहां सेक्टर-63 स्थित पारस स्क्वायर बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया है। अभी तक मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। जांच अधिकारी गौरव ने बुधवार को बताया कि पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार पारस स्क्वायर बिल्डिंग में ही फाइव स्टार होटल और एयर बीएनबी अपार्टमेंट हैं। संभवत: मृतक अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल पर ठहरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि व्यक्ति ने आत्महत्या की है या फिर कोई दुर्घटना हुई है। जांच अधिकारी के अनुसार पुलिस मृतक व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अपार्टमेंट में ठहरे हुए लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मृतक व्यक्ति के मोबाइल व अन्य सामान भी बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर