गुरुग्राम: बिजली कटौती से परेशान लोग आधी रात को सडक़ पर उतरे

 

-रेलवे रोड पर महिलाओं-बुजुर्गों ने किया प्रदर्शन

गुरुग्राम, 20 जुलाई (हि.स.)। लक्ष्मण विहार कॉलोनी में पिछले तीन दिनों से बिजली की भारी कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान लोगों का धैर्य जवाब दे गया। प्रशासनिक अधिकारियों और बिजली विभाग द्वारा कोई सुनवाई न किए जाने से नाराज सेंकड़ों निवासियों ने रविवार की आधी रात को रेलवे रोड पर आकर प्रदर्शन किया और सडक़ पर जाम लगा दिया।

प्रदर्शनकारियों में भारी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल थे, जो बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। लोगों का कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से इलाके में बिजली की आंख-मिचौली जारी है। भयंकर गर्मी और उमस के कारण लोगों का घरों के भीतर बैठना दूभर हो गया है। बिजली न होने की वजह से पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई है, जिससे दैनिक कार्यों के लिए भी संकट खड़ा हो गया है। रात के समय बिजली गुल रहने से मच्छरों का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि बच्चे और बुजुर्ग पूरी रात सो नहीं पा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नींद पूरी न होने और गर्मी के कारण बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने बिजली विभाग के शिकायत केंद्र, टोल-फ्री नंबर और संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली।

अधिकारियों के इस उदासीन रवैये से गुस्साए लोग रात करीब 11 बजे घरों से बाहर निकल आए और मुख्य रेलवे रोड को दोनों तरफ से पूरी तरह बंद कर दिया। जाम लगने के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सडक़ जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को शांत करने का प्रयास किया और बिजली निगम के उच्च अधिकारियों से फोन पर बात की। पुलिस और बिजली निगम के अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू करने और तकनीकी खराबी को दूर करने के लिखित व मौखिक आश्वासन के बाद, निवासियों ने करीब दो घंटे बाद जाम खोला। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटों के भीतर बिजली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे बिजली दफ्तर का घेराव करेंगे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर