गुरुग्राम: फर्जी एग्रीमेंट से जमीन बेचने के नाम पर की 17 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
-पलवल के गांव घुघेरा की 11.33 एकड़ जमीन दिखाकर कई लोगों को ठगा
गुरुग्राम, 10 मई (हि.स.)। स्थानीय पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने जमीन बेचने के नाम पर फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर 17 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपी ने पलवल के गांव घुघेरा की 11.33 एकड़ जमीन दिखाकर कई लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठ लिए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं करवाई।
पुलिस के मुताबिक 20 जनवरी 2026 को एक शिकायतकर्ता ने सेक्टर-40 थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि नियॉन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशन नाम की कंपनी और उससे जुड़े लोगों ने गांव घुघेरा जिला पलवल स्थित 11.33 एकड़ जमीन के फर्जी दस्तावेज दिखाए। एक अगस्त 2024 को आरोपियों ने शिकायतकर्ता से बिक्री के लिए एग्रीमेंट कर लिया। जमीन की कीमत व अन्य खर्चों के नाम पर करीब 17 करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। ना तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई और ना ही पैसे वापस किए। बाद में आरोपियों ने शिकायतकर्ता से संपर्क करना ही बंद कर दिया। पीडि़त को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर सेक्टर-40 थाने में केस दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा-1 को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और बैंक रिकॉर्ड की मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई। नौ मई 2026 को पुलिस ने आरोपी महेश मुगम को सेक्टर-75 नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय महेश मुगम के रूप में हुई है। वह नोएडा के सेक्टर-75 का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि महेश ही नियॉन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशन कंपनी का मालिक है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराए, नकली कागजात दिखाए और शिकायतकर्ताओं को झांसे में लेकर रकम अपनी फर्म के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पहले भरोसा जीता, मोटी रकम ली और फिर गुमराह कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस बैंक खातों की डिटेल, मनी ट्रेल और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर