गुरुग्राम: प्रेमिका के साथ मिलकर पति ने की पत्नी की हत्या, बाथरूम में छिपाया था शव

 

-गुरुग्राम के मानेसर गांव की है यह घटना, प्रेमिका व पति हैं फरार

गुरुग्राम, 25 मई (हि.स.)। यहां अपने ही घर में प्रेमिका के साथ मिलकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध गुरुग्राम के मानेसर गांव में हुआ है। हत्यारा पति व उसकी प्रेमिका घटना के बाद से फरार हैं। आरोपियों ने हत्या करके महिला के शव को घर में बाथरूम में ही छिपाकर रखा था। महिला के परिजनों ने मानेसर पुलिस को शिकायत दी है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

मृत महिला की पहचान रेवाड़ी के हंसाका गांव निवासी मधु के रूप में की गई। जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिला के गांव हांसाका की रहने वाली मधु का विवाह तीन माह पूर्व 19 फरवरी को मानेसर गांव निवासी अंकित भगत के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शादी में दान-दहेज के रूप में काफी कुछ दिया गया था। 21 मई को मधु के ससुराल पक्ष से कुछ लोग उसके मायके हांसाका गांव पहुंचे और कहा कि मधु घर से गहने व रुपये लेकर कहीं चली गई है। उसी दिन मायके से लोग मानेसर पहुंचे और पुलिस को मधु के बारे में शिकायत दी। इसी बीच कुछ पड़ोसियों ने मधु को अपने पति के साथ स्कूटी पर कहीं जाने की जानकारी दी। पुलिस ने जांच करते हुए लोगों से पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि 22 मई को अंकित भी घर से गायब हो गया। पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो पूरा प्रकरण बदल गया। जांच में पता चला कि अंकित का किसी अन्य युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस युवती की तलाश करते हुए मानेसर स्थित उस किराये के कमरे में पहुंची, जहां पर मधु रहती थी। मधु की लाश पुलिस ने वहां के बाथरूम से बरामद की। कमरा बंद होने के कारण वहां से बदबू आ रही थी। पुलिस के अनुसार मधु की लाश की गल चुकी थी। उसके कपड़ों से उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। पुलिस का यह भी कहा है कि अंकित ने दो साल पहले कमरा किराये पर लिया था। साथ ही एक युवती भी रहती थी। मानेसर पुलिस महिला की मौत के कारणों की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर