गुरुग्राम: प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है, अपना नाम जरूर जांच लें
-30 अगस्त तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराएं
गुरुग्राम, 31 जुलाई (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत गुरुग्राम जिले की प्रारूप मतदाता सूची 31 जुलाई, 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने शुक्रवार काे सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट अथवा संबंधित बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में गणना चरण 15 जून, 2026 से प्रारंभ किया गया था तथा 24 जुलाई, 2026 तक प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर प्रारूप मतदाता सूची तैयार की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए (अनक्लेक्टेड/एएसडीडी) अथवा जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे निर्धारित अवधि के दौरान दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। ऐसे मतदाता 31 जुलाई से 30 अगस्त, 2026 तक निर्धारित घोषणा प्रपत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) के साथ संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नए मतदाता फॉर्म-6, आपत्ति के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम जिले में 4,53,468 मतदाता ऐसे हैं, जिनके गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं। इसके अतिरिक्त 2,17,080 मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं तथा 19,206 मतदाताओं का मानचित्रण (अनमैपड) किया जाना शेष है।
विधानसभावार मतदाता विवरण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 75-पटौदी विधानसभा क्षेत्र में 259 मतदान केंद्र हैं। यहां 1 जून, 2026 तक कुल 2,59,696 मतदाता थे। इस क्षेत्र में 3,577 अनमैप्ड, 39,052 एनोमली तथा 3,110 सेवा मतदाता हैं।
31 जुलाई, 2026 तक प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 1,14,806 पुरुष, 1,04,586 महिला एवं एक अन्य सहित कुल 2,19,393 मतदाता शामिल हैं। 76-बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 518 मतदान केंद्र हैं। यहां एक जून, 2026 तक कुल 5,41,895 मतदाता थे। इस क्षेत्र में 6,433 अनमैप्ड, 68,893 एनोमली तथा 843 सेवा मतदाता हैं। 31 जुलाई, 2026 तक प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 1,89,878 पुरुष, 1,76,129 महिला एवं 10 अन्य सहित कुल 3,66,017 मतदाता शामिल हैं।
इसी प्रकार 77-गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में 435 मतदान केंद्र हैं। यहां 1 जून, 2026 तक कुल 4,50,200 मतदाता थे। इस क्षेत्र में 5,706 अनमैप्ड, 51,869 एनोमली तथा 491 सेवा मतदाता हैं। 31 जुलाई, 2026 तक प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 1,38,313 पुरुष, 1,32,887 महिला एवं 10 अन्य सहित कुल 2,71,210 मतदाता शामिल हैं। 78-सोहना विधानसभा क्षेत्र में 292 मतदान केंद्र हैं। यहां 1 जून, 2026 तक कुल 3,03,243 मतदाता थे। इस क्षेत्र में 3,490 अनमैप्ड, 57,507 एनोमली तथा 1,347 सेवा मतदाता हैं। 31 जुलाई, 2026 तक प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 1,30,407 पुरुष, 1,14,919 महिला एवं नौ अन्य सहित कुल 2,45,335 मतदाता शामिल हैं। जिला स्तर पर कुल 1,504 मतदान केंद्र, 15,55,034 मतदाता (एक जून, 2026 तक), 19,206 अनमैप्ड, 2,17,080 एनोमली, 5,791 सेवा मतदाता तथा 31 जुलाई, 2026 तक प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 11,01,955 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर