गुरुग्राम: प्रसिद्ध पर्यटल स्थल लेपर्ड ट्रेल के पास मिला महिला का शव

 

लेपर्ड ट्रेल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है पुलिस

गुरुग्राम, 14 जून (हि.स.)। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लेपर्ड ट्रेल क्षेत्र में अरावली की पहाड़ियों के बीच झाड़ियों में एक महिला का शव मिला है। मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार रविवार को स्थानीय ग्रामीण अरावली की पहाड़ियों में घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों की ओर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। ग्रामीण जब झाडियों के पास पहुंचे तो वहां एक महिला का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

थाना प्रभारी विजयपाल ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्र का बारीकी से मुआयना किया गया है। लेपर्ड ट्रेल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि किसी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की पहचान की जा सके।

पुलिस तकनीकी जांच का भी सहारा ले रही है। घटनास्थल के आसपास सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों का डंप डेटा निकाला जा रहा है, जिससे मामले से जुड़े संभावित सुराग मिल सकें। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को जल्द ही महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है और मामले का खुलासा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में महिला की तस्वीर और हुलिया साझा किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर