गुरुग्राम: पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ सेल्फ केयर को भी प्राथमिकता दें महिलाएं: मधु आजाद

 


पीएचडीसीसीआई की शी फोरम की ओर से एंपावरिंग माइंड सीरीज में कही यह बात

कार्यक्रम में साइबर सिटी की महिला उद्यमियों ने किया वेलनेस पर मंथनगुरुग्राम, 20 मार्च (हि.स.)। गुरुग्राम की पूर्व महापौर मधु आजाद ने कहा कि महिलाएं अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपनी देखभाल (सेल्फ केयर) को भी प्राथमिकता दें। वे यहां पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की महिला विंग शी फोरम की ओर से शुक्रवार को आयोजित सेमीनार को संबोधित कर रही थीं। एंपावरिंग माइंड सीरीज के तहत एमवे तथा डब्ल्यूआईसीसीआई व डब्ल्यूएफसी के सहयोग से आयोजित इस सत्र का विषय-वेलनेस को एंटरप्रेन्योरल उत्कृष्टता के साथ जोडऩा था।पूर्व महापौर मधु आजाद ने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सच्चा सशक्तिकरण स्वस्थ मन और शरीर से आता है। उन्होंने पीएचडीसीसीआई शी फोरम की सराहना की कि उन्होंने एक ऐसा सार्थक मंच तैयार किया है, जहां विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी लोग एक साथ आकर विकास और नेतृत्व के एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में वेलनेस पर चर्चा कर सकें। पीएचडीसीसीआई शी फोरम, हरियाणा की चेयरपर्सन अल्का गुरनानी ने जागरुकता, सहयोग और क्षमता निर्माण के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के शी फोरम के दृष्टिकोण को रेखांकित किया। पीएचडीसीसीआई में अंतरराष्ट्रीय मामलों की वरिष्ठ सचिव सुश्री मनीषा सिंह ने पेशेवर और उद्यमशीलता की यात्राओं में वेलनेस को शामिल करने के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। डब्ल्यूआईसीसीआई दिल्ली मेंटरिंग और कौशल परिषद की प्रदेश अध्यक्ष राधिका गुप्ता ने आत्मविश्वास से भरे व्यक्तियों को गढऩे में मेंटरशिप और कौशल-निर्माण के महत्व के बारे में बात की।वुमेन फैन क्लब की हरप्रीत बहल ने अपने निजी और पेशेवर जीवन में संतुलन बनाए रखने पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान वेलनेस का लाभ विषय पर हुई पैनल चर्चा के दौरान एमवे इंडिया की वरिष्ठ प्रतिनिधि पीयूष गोयल ने जीवन की गुणवत्ता और उत्पादकता को बढ़ाने में पोषण और वेलनेस उत्पादों की जानकारी दी। पोषण विशेषज्ञ ज्योति यादव ने इष्टतम स्वास्थ्य प्राप्त करने के लिए संतुलित आहार, सचेत होकर भोजन करने और जीवनशैली में आवश्यक बदलावों के महत्व के बारे में बात की। इस अवसर पर मनोवैज्ञानिक तथा डब्ल्यूआईसीसीआई की दिल्ली हयूमन वेल्यू काउंसिल की प्रदेश अध्यक्ष जिज्ञासा टंडन समेत कई गणमान्यों ने अपने विचार व्यक्त किए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर