गुरुग्राम: पेंशन बहाल कराने के नाम पर 13.60 लाख की ठगी
बैंक खाते देने वाला आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 25 जून (हि.स.)। पेंशन सेवा बहाल कराने के नाम पर 13.60 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को 24 मई को शिकायत मिली थी कि 20-21 मई के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक मुख्यालय का अधिकारी बताकर शिकायतकर्ता को पेंशन सेवा बहाल करने का झांसा दिया और 13.60 लाख रुपये ठग लिए। इस शिकायत पर थाना साइबर अपराध पश्चिम में केस दर्ज किया गया।
एएसआई दीपांकर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 जून को आरोपी मंगत निवासी मोहना जिला फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि मंगत ने अपने चार बैंक खातों की बैंकिंग किट 1.10 लाख रुपये कमीशन के बदले किसी अन्य व्यक्ति को दी थी। जांच में पाया गया कि इनमें से तीन खातों का इस्तेमाल इस साइबर धोखाधड़ी में किया गया।
पुलिस आरोपी से इस मामले सहित अन्य साइबर धोखाधड़ी मामलों में उसकी संभावित संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर