गुरुग्राम: पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने रजिस्टर्ड कराई शादी

 




शिखर धवन पत्नी सोफी शाइन के साथ पहुंचे विकास सदन

गुरुग्राम, 06 मई (हि.स.)। पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने बुधवार को गुरुग्राम में अपनी शादी रजिस्टर्ड कराई। वे अपनी पत्नी सोफी साइन के साथ विकास सदन पहुंचे और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।इस दौरान शिखर के परिवार के सदस्य और पुरोहित भी मौजूद रहे।

मैरिज रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंचे शिखर डार्क ब्लू टी शर्ट और सोफी लाइट स्काई ब्लू कलर का टॉप पहने नजर आईं। दोनों ने 21 फरवरी को शादी की थी। जिसे लेकर स्पिनर युजवेंद्र चहल ने एक वीडियो पोस्ट की थी, जिसमें वे 'मौजा ही मौजा' सॉन्ग पर डांस करते दिखे थे। शिखर धवन ने 12 जनवरी को अपनी आयरिश गर्लफ्रेंड सोफी के साथ सगाई की थी। आज मैरिज क्लर्क के सामने उन्होंने दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। यह औपचारिकता पूरा करने के बाद शिखर ने वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ बातचीत भी की। शिखर धवन गुरुग्राम में ही बसने वाले है। इसके लिए उन्होंने फरवरी 2025 को 69 करोड़ रुपये में अपार्टमेंट खरीदा था। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड सेक्टर 54 पर डीएलएफ के अल्ट्रा लग्जरी प्रोजेक्ट 'द डाहलियास' में यह अपार्टमेंट खरीदा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर