गुरुग्राम पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क पर कसा शिकंजा

 


-हवाला कारोबारी समेत सात गिरफ्तार, चार पिस्टल और 18 कारतूस बरामद

गुरुग्राम, 12 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने दीपक नांदल, उसकी पत्नी मीनाक्षी और हिमांशु भाऊ से जुड़े गिरोह के सात सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चांदनी चौक का एक हवाला कारोबारी भी शामिल है।

यह गिरोह गुरुग्राम समेत पूरे हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में संगठित अपराध चला रहा था। गिरोह के सदस्य बिल्डरों, व्यापारियों और बॉलीवुड, हरियाणवी व म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को फोन कर अवैध वसूली और फिरौती के लिए धमकाते थे। आमजन में दहशत फैलाने के लिए गिरोह वारदातों की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर भी लेता था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप, बलविंदर, नांदल, योगेश और शुभम सिक्का गिरोह के लिए व्यापारियों के मोबाइल नंबर जुटाने, घरों-ऑफिसों की रेकी करने और वसूली की रकम फरार सदस्यों तक पहुंचाने का काम करते थे। ये ही आरोपी गिरोह को हथियार और कारतूस भी उपलब्ध कराते थे।

एसीपी ललित ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौरव अरोड़ा चांदनी चौक, दिल्ली में हवाला कारोबार करता है। पुलिस के मुताबिक अपराध से कमाई गई रकम को हवाला के जरिए गिरोह तक पहुंचाने के लिए इस नेटवर्क का इस्तेमाल होता था। गौरव के कब्जे से हवाला में इस्तेमाल होने वाला आधा करेंसी नोट भी बरामद हुआ है। जांच में पता चला है कि सरगना दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ फिलहाल विदेश में फरार हैं और सोशल मीडिया के जरिए गिरोह का संचालन कर रहे हैं। पुलिस अब विदेश में बैठे इन अपराधियों के स्थानीय नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल संपर्कों की जांच कर रही है।

आरोपियों का है लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार सभी सात आरोपी 30 से 35 साल के बीच के हैं। इनके खिलाफ पहले से करीब ढाई दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी योगेश पर दिल्ली-हरियाणा में आठ मामले मारपीट, धमकी, चोरी, शस्त्र अधिनियम के दर्ज हैं। संदीप हुड्डा पर रोहतक में हत्या और शस्त्र अधिनियम के दो मामले दर्ज हैं। रोहित पर हत्या, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के दो मामले दर्ज हैं। बलविंदर पर हरियाणा में हत्या, अपहरण, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस सहित 17 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों से चार पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन और हवाला में प्रयोग किया गया करेंसी नोट बरामद किया है। बरामद मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच जारी है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और विदेश में बैठे सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। एसीपी ललित ने बताया कि आरोपी योगेश, शुभम सिक्का, संदीप हुड्डा, रोहित, बलविंदर व सुरजीत रोहतक के रहने वाले हैं। आरोपी गौरव अरोड़ा पश्चिम विहार दिल्ली का है। उन्होंने कहा कि विदेश में बैठे अपराधियों के खिलाफ इंटरपोल और अन्य एजेंसियों के जरिए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर