गुरुग्राम पुलिस ने मध्य प्रदेश तक फैले अवैध हथियारों के नेटवर्क का किया पर्दाफाश

 


-आठ पिस्टल और 16 मैगजीन के साथ दो सप्लायर गिरफ्तार

-खरगोन से बस में हथियारों की खेप लेकर पहुंचे थे आरोपी

-दिल्ली-एनसीआर में करनी थी सप्लाई, चार साल से अवैध कारोबार में थे संलिप्त

गुरुग्राम, 02 नवंबर (हि.स.)। गुरुग्राम पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मध्य प्रदेश से हथियारों की खेप लेकर गुरुग्राम पहुंचे दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के कब्जे से आठ देशी पिस्टल और 16 मैगजीन बरामद की हैं।

डीसीपी क्राइम नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच प्रभारी एसआई ललित कुमार के नेतृत्व में एसआई अंकित और उनकी टीम ने एक नवंबर को सोहना-गुरुग्राम रोड पर जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी के नजदीक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश और नरेंद्र उर्फ नरेन के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के गांव बामनाला के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले करीब चार वर्षों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के धंधे में सक्रिय थे। वे मध्य प्रदेश से बस के जरिए हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करते थे और प्रत्येक पिस्टल के बदले सात हजार रुपये कमीशन लेते थे। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का खुलासा 29 अक्टूबर को सेक्टर-112 बजघेड़ा से दीपक और राहुल की गिरफ्तारी के बाद हुआ था। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच अवैध पिस्टल, 11 मैगजीन और एक कार बरामद की थी।

इसके बाद दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में हथियारों की सप्लाई के स्रोत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस मध्य प्रदेश के खरगोन जिले तक पहुंची।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर मध्य प्रदेश में अवैध हथियार तैयार करने वाले व्यक्ति के संपर्क में थे। आरोपियों ने पहले गिरफ्तार दीपक और राहुल को भी पांच पिस्टल तथा 11 मैगजीन सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस अब तक कुल 13 अवैध पिस्टल और 27 मैगजीन बरामद कर चुकी है। पुलिस अब मुख्य हथियार सप्लायर, मध्य प्रदेश में हथियार तैयार करने के ठिकानों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर