गुरुग्राम पुलिस ने भारी बारिश के कारण कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम की दी सलाह

 




-अगले 24 घंटे में हो सकती है भारी बारिश

गुरुग्राम, 08 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही और आगे भी अनुमानित भारी बारिश को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉरपोरेट कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम का परामर्श जारी किया है। पुलिस के अनुसार शहर की मुख्य सडक़ों और चौराहों पर जलभराव और जाम की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है। ऐसे में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अनावश्यक यातायात का दबाव कम करने के लिए यह सावधानी परामर्श जारी किया गया है। पुलिस की ओर से कॉर्पोरेट और निजी कंपनियों से आग्रह है कि वे अगले कुछ दिनों के लिए कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें। अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक प्रबंधन दलों को जाम हटाने और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने में मदद मिलेगी। सडक़ प्रबंधन में प्रशासन की सहायता करना और लोगों को जलभराव/दुर्घटना से बचाना। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आपके सहयोग से हम यातायात को बेहतर ढंग से संभाल पाएंगे। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। जरूरी हो तभी घर से निकलें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर