गुरुग्राम: पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी: कृष्ण लाल पवार
-77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी सोहना में मनाया
-गुरुग्राम में तीन लाख पौधारोपण का लक्ष्य
गुरुग्राम, 30 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार के हरित हरियाणा-स्वच्छ हरियाणा संकल्प को साकार करने की दिशा में गुरुवार को जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी, सोहना में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। जिला स्तरीय वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान और आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक गांव और शहर हरित, स्वच्छ तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें शुद्ध वायु, जल और जीवन प्रदान करती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा एक पेड़ मां के नाम अभियान पूरे देश में जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। उसकी उसी प्रकार देखभाल करें, जैसे परिवार के सदस्य की करते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।
पवार ने बताया कि वर्ष 2026-27 के दौरान हरियाणा में 1.40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गुरुग्राम जिले में तीन लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 1.50 लाख पौधे वन विभाग तथा 1.50 लाख पौधे आम नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार ऑक्सीजन वन, हर्बल पार्क, तीर्थ स्थलों पर हरित विकास, वन मित्र कार्यक्रम तथा वन्य जीव संरक्षण जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के हरित क्षेत्र का लगातार विस्तार कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर