गुरुग्राम: पति ने चुन्नी से गला घोंट कर की पत्नी की हत्या

 


फोन पर बात करने को लेकर हुआ विवाद, गुस्से में की हत्या

गुरुग्राम, 04 जून (हि.स.)। आईएमटी मानेसर क्षेत्र के गांव बांस अलीयर में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने पत्नी को किसी से फोन पर बात करते देख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उसने चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गुरुवार को आईएमटी थाना प्रभारी सुनील बेनीवाल ने बताया कि मृतका के भाई राजवीर, निवासी भरतपुर राजस्थान की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 37 वर्षीय काजल देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति नरेंद्र सिंह और चार बच्चों के साथ गांव बांस अलीयर में किराये पर रहती थी। मूल रूप से नरेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला है, जबकि मृतका के परिजन राजस्थान के भरतपुर जिले से संबंध रखते हैं। पति-पत्नी दोनों एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करते थे। बताया गया है कि काजल रोजाना रात करीब आठ बजे काम से घर लौट आती थी, जबकि नरेंद्र देर रात घर पहुंचता था।

पुलिस के अनुसार बुधवार रात नरेंद्र ने अपनी पत्नी को मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करते देखा। उसने काजल से फोन मांगा, लेकिन उसने फोन देने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुस्साए नरेंद्र ने काजल का चुन्नी से गला घोंट दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी सुनील बेनीवाल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर