गुरुग्राम: नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा: राव इंद्रजीत सिंह
-बलिदानी सूबेदार नरेश कुमार की प्रतिमा का किया अनावरण
-डाबोधा में आयोजित जनसभा में सैनिकों के त्याग और देश सेवा को किया नमन
गुरुग्राम, 21 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को गांव डाबोधा में बलिदानी सूबेदार नरेश कुमार की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और समृद्धि में सैनिकों तथा उनके परिवारों का योगदान सर्वोपरि है। हमारे वीर जवान अपने प्राणों की परवाह किए बिना देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिसके कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बलिदानी सूबेदार नरेश कुमार की शहादत क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने शहीद के परिजनों, गांव की सरदारी, पूर्व एवं वर्तमान सरपंचों, जनप्रतिनिधियों तथा दूर-दराज से पहुंचे पूर्व सैनिकों और नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी तथा बावल विधायक डॉ कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से पूरी तरह दूर रहें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर देश सेवा के लिए स्वयं को तैयार करें। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। युवाओं को सेना में भर्ती होकर राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। यदि युवा नियमित व्यायाम, खेल और अनुशासित जीवन को अपनाएंगे तो वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनेंगे और भविष्य में सेना, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा करने में सक्षम होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर