गुरुग्राम नगर निगम में बिल अपडेट के नाम पर तीन लाख की ठगी

 




-पुलिस ने एक आरोपी को राजस्थान के अलवर से किया गिरफ्तार

-पेट्रो कार्ड बेचकर ठगी की रकम को किया था कैश

गुरुग्राम, 08 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के बिल अपडेट करवाने के नाम पर फर्जी एपीके लिंक भेजकर तीन लाख की साइबर ठगी कर ली गई। ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य पहले काबू किए जा चुके हैं। तीसरे आरोपी को पुलिस थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी ने ठगी की रकम को कैश करने के लिए पेट्रो कार्ड उपलब्ध कराया था।

जानकारी के अनुसार 28 जून 2025 को एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा था कि उसे नगर निगम गुरुग्राम का बिल अपडेट करवाने के नाम पर एक एपीके फाइल का लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उसके क्रेडिट कार्ड व डेबिट कार्ड की जानकारी चोरों के पास चली गई। तुरंत ही उसके खाते से तीन लाख चार हजार 689 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। इस शिकायत पर थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी अरबाज खान (22 वर्ष) निवासी जिला अलवर राजस्थान को अलवर से गिरफ्तार किया है।

आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम से एक पेट्रो कार्ड रिचार्ज किया गया था, जो आरोपी नरेंद्र लवंशी के नाम था। नरेंद्र ने यह पेट्रो कार्ड आरोपी वसीम फिरोज को बेचा और वसीम ने इसे आरोपी अरबाज को दे दिया। अरबाज खान ने इस पेट्रो कार्ड को 14 हजार रुपये में साइबर ठगी करने वाले अन्य आरोपियों को उपलब्ध कराया था, ताकि ठगी की रकम को आसानी से निकाला जा सके। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक इस मामले में पहले ही नरेंद्र लववंशी और वसीम फिरोज को गिरफ्तार किया जा चुका है। अरबाज की गिरफ्तारी के साथ इस गिरोह के तीन सदस्य अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर