गुरुग्राम नगर निगम का हेल्पर 40 हजार रिश्वत लेता काबू
निर्माण कार्य नहीं रुकवाने के बदले मांगी थी रिश्वत
50 हजार मांगें थे और 40 हजार में सौदा हुआ तयगुरुग्राम, 05 मार्च (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य को नहीं रुकवाने के बदले नगर निगम का हेल्पर 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए काबू किया गया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने गुरुवार काे उसे गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने इस काम के बदले 50 हजार रुपये मांगे थे और 40 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपी की पहचान कपिल कुमार निवासी गांव पलड़ा गुरुग्रामके रूप में हुई है। नगर निगम में यह मामला चर्चाओं में रहा। इस मामले में शिकायतकर्ता ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा था कि आरोपी हेल्पर उसके घर के निर्माण कार्य को न रुकवाने के बदले 50 हजार रुपये मांग रहा था। बातचीत के बाद 40 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। इस शिकायत पर एसीबी की ओर से आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू करने की योजना तैयार की गई। गुरुवार को शिकायतकर्ता को तय रकम देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने 40 हजार रुपये रिश्वत के लिए, एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। नगर निगम कार्यालय के बाहर रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर