गुरुग्राम: तेज गति गाड़ी की टक्कर में बाइक सवार की मौत

 


-मृतक युवक उत्तर प्रदेश का रहने वाला आयुष सिंह

गुरुग्राम, 25 मार्च (हि.स.)। पालम विहार थाना क्षेत्र में बाइक पर आ रहे एक युवक को तेज गति से आ रही किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण भी कि बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी आयुष सिंह पुत्र जामवंत सिंह के रूप में हुई है। बुधवार को युवक के चचेरे भाई की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आयुष सिंह एक निजी कंपनी में काम करता था और गुरुग्राम में पीजी में रहता था। मंगलवार देर रात आयुष सिंह अपने दोस्त आशुतोष के साथ बाइक से पीजी आ रहा था। गांव सिरहोल के पास तेज गति से आ रही एक गाड़ी ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक आयुष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोग घायल आयुष सिंह को अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना आयुष के चचेरे भाई निशांत सिंह को मिली तो वह अस्पताल पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाइक को टक्कर मारने वाले चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन चालक की पहचान हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर