गुरुग्राम: ड्यूटी पर साफ-सुथरी वर्दी पहनें व अनुशासित रहें यातायात पुलिसकर्मी: प्रतीक गहलोत

 

-यातायात पुलिस उपायुक्त ने ली जनरल परेड की सलामी

गुरुग्राम, 08 जून (हि.स.)। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत ने सोमवार को जनरल परेड आयोजित कर यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। परेड में यातायात पुलिस में तैनात करीब 170 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।

पुलिस उपायुक्त प्रतीक गहलोत ने सभी यातायात निरीक्षकों, जोनल अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति न बनने दी जाए। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मुख्य मार्गों, बाजारों और चौराहों पर लगातार निगरानी रखकर यातायात को सुचारू रखने को कहा गया। उन्होंने लेन ड्राइविंग पर प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि वाहन चालकों को सही लेन में वाहन चलाने, अनावश्यक लेन परिवर्तन से बचने और सडक़ सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए नियमित जागरुकता अभियान चलाए जाएं।

उन्होंने बताया कि लेन अनुशासन से न केवल सडक़ दुर्घटनाएं कम होती हैं, बल्कि यातायात का प्रवाह भी बेहतर बना रहता है। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान साफ-सुथरी वर्दी पहनने, अनुशासित रहने और आमजन से विनम्र व सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस का व्यवहार ही जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि बनाता है। पुलिस उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों से जिम्मेदारी, निष्ठा और ईमानदारी के साथ ड्यूटी निभाने को कहा ताकि गुरुग्राम की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर