गुरुग्राम: चार पंचायतों में निर्विरोध पंच चुने, छह में नामांकन ही नहीं भरे

 


-पंचायत उपचुनाव में बास पदमका में सरपंच पद के लिए तीन प्रत्याशी रहे

-सोहना पंचायत समिति के वार्ड-5 में दो प्रत्याशी मैदान में

-10 मई को होगा मतदान, मतदान केंद्र पर ही होगी मतगणना

गुरुग्राम, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले की विभिन्न पंचायतों में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों को बुधवार को चुनाव चिन्ह अलॉट किए गए हैं। जिले में 10 पंचायतों में पंच पद के लिए भी नामांकन आमंत्रित किए गए थे। जिसमें से चार पंचायतों में निर्विरोध पंच चुने गए हैं। छह पंचायतों में कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

खंड पटौदी की ग्राम पंचायत बास पदमका में सरपंच पद के लिए राजवीर सिंह पुत्र रविंद्र सिंह साइकिल चुनाव चिन्ह पर, राजीव कुमार पुत्र मुकेश कुमार कांच के गिलास चुनाव चिन्ह पर तथा वीरेंद्र सिंह पुत्र लाल सिंह नारियल के पेड़ चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे। खंड सोहना की पंचायत समिति, वार्ड-5 से मीना पत्नी धर्मेंद्र ब्लैक बोर्ड चुनाव चिन्ह पर तथा रेखा पत्नी परवीन कुमार दीवार घड़ी चुनाव चिन्ह पर प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। प्रवक्ता ने बताया कि मतदान की तारीख 10 मई रविवार को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित की गई है। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही की जाएगी। यदि पुनर्मतदान (री-पोल) की आवश्यकता होती है, तो इसके लिए 12 मई मंगलवार की तिथि निर्धारित की गई है। पुनर्मतदान का परिणाम भी मतगणना के तुरंत बाद घोषित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर