गुरुग्राम: खालिस्तानी नेशनल आर्मी ने नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी
-खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से आया ईमेल
गुरुग्राम, 03 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हडक़ंप मच गया। ईमेल मिलते ही अधिकारी-कर्मचारी दफ्तर से बाहर दौड़े। सूचना पर पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर को खाली कराकर सघन चेकिंग शुरू की गई।
धमकी भरी ईमेल गुरुवार सुबह 11:38 बजे निगम की आधिकारिक आईडी पर आया। इसमें 1:11 बजे आईईडी ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी। ईमेल खालिस्तानी नेशनल आर्मी के इंजीनियर गुरंख सिंह, रुकन शाहवाला, डॉ. गुरनिवेर सिंह और खान रजदा के नाम से भेजा गया है। ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाने, पांच और छह सितंबर को बठिंडा में और 13 सितंबर को क्रिकेट स्टेडियम में हमला करने की धमकी दी गई है। साथ ही 700 किसानों का बदला भाजपा से लेने, अमृतसर के घरिंडा थाने, यूपी के डीजीपी यादव और उनके रिश्तेदारों पर हमले की बात कही गई है। ईमेल में लिखा है कि 13 सितंबर तक क्रिकेट खेलने के स्थान से बचें और किसी लावारिस आईफोन को हाथ न लगाएं, उससे धमाका हो सकता है।
धमकी के बाद संबंधित राज्यों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। नगर निगम परिसर की हर मंजिल, पार्किंग और संदिग्ध जगहों की बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस इसे शरारत या हॉक्स कॉल मान रही है, लेकिन कोई जोखिम नहीं ले रही। साइबर सेल ईमेल भेजने वाले को ट्रेस करने में जुटी है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर