गुरुग्राम: कोई भी राजनीतिक दल कार्यकर्ताओं के बिना खड़ा नहीं हो सकता: संजय दत्त

 


-कांग्रेस की सीधा संवाद बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने व एसआईआर पर बनाई रणनीति

-कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रभारी संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद

गुरुग्राम, 03 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस संगठन को धार देने और आगामी एसआईआर प्रक्रिया की तैयारी के लिए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुग्राम में बैठक कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में हुई इस बैठक में गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि, पूर्व प्रत्याशी, ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर रणनीति तय करना रहा।

बैठक में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल कार्यकर्ताओं के बिना खड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही कोई भी संगठन मजबूत बन सकता है। कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता इस कार्य में बेहतरी से काम कर रहे हैं। हमें और अधिक मेहनत करके अपने संगठन को मजबूती देनी है। संजय दत्त ने कहा कि गुरुग्राम जैसे शहरी क्षेत्र में कांग्रेस के पास संभावनाएं बहुत हैं। यहां के मुद्दे महंगाई, बेरोजगारी, बिजली-पानी और ट्रैफिक को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में वापसी का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि अगर हमें हरियाणा में सरकार बनानी है तो हमें हर बूथ पर अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी। एक-एक कार्यकर्ता अपने बूथ का चैंपियन बने।

उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ कमेटियों का गठन पूरा करें।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि भाजपा सरकार मतदाता सूची में गड़बड़ी कर सकती है। इसलिए कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को सतर्क रहना होगा। हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर वोटर लिस्ट चेक की जाए। नए वोट बनवाने, नाम कटने और गलत एंट्री को ठीक कराने के लिए अपने स्तर पर कैंप लगाए जाएं। पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर काम करे। सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक में पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी, युवा प्रदेशाध्यक्ष नीतीश कटारिया, इंटेक प्रदेशाध्यक्ष अमित यादव, अनुसूचित विभाग कार्यकारी अध्यक्ष ललित पंवार, बिजेंद्र रंगा, सुनीता सहरावत, सुबे सिंह यादव समेत कई नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर