गुरुग्राम के शीतला माता अस्पताल में आयुष्मान लाभार्थियों को इलाज में मिलेगी सब्सिडी
-कम आय वाले परिवारों का किफायती दरों पर होगा इलाज, मुख्यमंत्री ने ली बैठक
चंडीगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं 883 बेड के टीचिंग अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार संबंधी विशेष प्रावधान किए गए हैं। इनके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को उपचार में सब्सिडी का लाभ मिलेगा और वे किफायती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं टीचिंग अस्पताल के संचालन और रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार में सब्सिडी और अस्पताल में विशेष सुविधाओं से संबंधित प्रावधानों पर निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी खोलने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के साथ-साथ मरीजों को दवाइयों की उपलब्धता भी सहज और किफायती होनी चाहिए।
बैठक में मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के दाखिले के लिए सीटों और फीस से संबंधित प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सीटों तथा फीस संरचना को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा