गुरुग्राम के दौलताबाद में एमसीजी की टीम ने दो आरएमसी प्लांट किए ध्वस्त
गुरुग्राम, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को निगम की टीम ने दौलताबाद क्षेत्र में दो अवैध आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांटों को ध्वस्त कर दिया।
निगम के अनुसार पिछले दो दिनों में कुल 10 प्लांटों पर कार्रवाई की जा चुकी है। यह कार्रवाई सहायक अभियंता हरिप्रकाश की टीम ने की।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि शहर में निर्माण गतिविधियों से बढ़ रहे वायु प्रदूषण को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। आरएमसी प्लांटों से उडऩे वाली धूल वायु गुणवत्ता को खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर निगरानी और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से चल रहे प्लांटों पर कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर