गुरुग्राम: काकरोला-मेवका रोड पर दर्दनाक हादसा, स्कूटी सवार की मौत

 

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने युवक को मारी टक्कर

गुरुग्राम, 25 मई (हि.स.)। काकरोला-मेवका रोड पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान सेक्टर-51 स्थित गार्डन सिटी निवासी विक्रांत के रूप में हुई है। विक्रांत के पिता विक्रम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा रविवार रात घर का सामान लेने के लिए विशाल मेगा मार्ट गया था। वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि काकरोला-मेवका रोड पर तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में विक्रांत के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-93 थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर