गुरुग्राम: एयरफोर्स स्कूल्स को बम से उड़ाने की धमकी के खौफ से खाली कराए स्कूल
दिल्ली के स्कूलों में मिली धमकी का असर गुरुग्राम के एयरफोर्स स्कूलों पर भी पड़ा
विद्यार्थियों की छुट्टी करके तुरंत घर भेजा गया
गुरुग्राम, 23 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली में सोमवार को एयरफोर्स स्कूल्स को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलने के साथ ही गुरुग्राम के स्कूलों में भी खौफ का माहौल बन गया। आनन-फानन में स्कूल की छुट्टी करके बच्चों को घर भेज दिया गया। इस धमकी की सूचना पर पुलिस व जांच एजेसियों ने सक्रियता दिखाई और यहां के स्कूलों गहन सुरक्षा जांच की। हालांकि यह धमकी सिर्फ धमकी ही साबित हुई। किसी तरह का कोई ऐसा सामान, वस्तु बरामद नहीं हुआ जिससे कि बम होने की पुष्टि हुई हो। जांच पूरी होने के बाद ही स्कूलों ने राहत की सांस ली।
सोमवार की सुबह दिल्ली के दो स्कूलों को ई-मेल के माध्यम बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस ईमेल में कहा गया था कि आर्मी के स्कूलों को बम से उड़ा दिया जाएगा। इस धमकी की सूचना जैसे ही गुरुग्राम पहुंची तो यहां राजीव चौक के पास एयरफोर्स स्कूल प्रबंधन भी हरकत में आ गया। पुलिस को सूचना देने के साथ ही तुरंत ही स्कूल से बच्चों को निकालना शुरू किया गया। कुछ ही देर में सभी बच्चों को स्कूल से बाहर निकालकर उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया। बम की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी यहां राजीव चौक के पास एयरफोर्स स्कूल पहुंचीं। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड की टीम भी पहुंची और तलाशी शुरू की गई। स्कूलों के आसपास सुरक्षा भी बढ़ा दी गई और गहनता से जांच की गई। जांच एजेंसियों को इस दौरान कोई संदिगध वस्तु नहीं मिली। इस बारे में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि यह सिर्फ धमकी थी। कोई भी ऐसी संदिगध वस्तु जांच में नहीं मिली, जिससे कि किसी अनहोनी की आशंका हो।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर