गुरुग्राम: अव्यवस्थित केबलों पर केबल टीवी एवं ब्रॉडबैंड ऑपरेटरों को निर्देश

 


-31 अगस्त 2026 तक सभी केबलों को व्यवस्थित करने के आदेश

-नियमों की अनदेखी पर बिना किसी अतिरिक्त सूचना के हटाए जाएंगे केबल

गुरुग्राम, 18 जून (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने शहर की सुंदरता, यातायात सुरक्षा एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केबल टीवी एवं ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के लिए गुरुवार को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। निगम के संज्ञान में आया है कि निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में स्ट्रीट लाइट एवं बिजली के खंभों पर केबल टीवी और ब्रॉडबैंड इंटरनेट के तार अव्यवस्थित, असुरक्षित एवं अनियमित तरीके से लगाए गए हैं, जिससे न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न हो रहा है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर केबल तार ढीले एवं नीचे लटकते हुए पाए गए हैं, जिससे विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों एवं राहगीरों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा अव्यवस्थित तारों के कारण यातायात संचालन में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। गुरुवार को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार नगर निगम गुरुग्राम ने सभी केबल टीवी एवं ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए हैं। आदेशों में कहा गया है कि कोई भी केबल ढीली, झूलती हुई अथवा असुरक्षित स्थिति में नहीं रहनी चाहिए। सभी केबलों को स्ट्रीट लाइट एवं बिजली के खंभों के साथ व्यवस्थित एवं सीधी लाइन में लगाया जाए। बिजली अथवा स्ट्रीट लाइट के खंभों पर केबलों के गुच्छे लटकते हुए नहीं छोड़े जाएं। सभी केबल बंडलों को उपयुक्त केबल बॉक्स में सुरक्षित रूप से बंद कर खंभों पर मजबूती से क्लैंप किया जाए। प्रत्येक ऑपरेटर के पास स्ट्रीट लाइट एवं बिजली के खंभों पर केबल लगाने हेतु दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की आवश्यक अनुमति एवं स्वीकृति होना अनिवार्य है।

नगर निगम गुरुग्राम ने सभी ऑपरेटरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने नेटवर्क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य 31 अगस्त 2026 तक पूर्ण कर लें। नगर निगम गुरुग्राम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाए रखना है। निगम प्रशासन ने सभी सेवा प्रदाताओं से अपेक्षा की है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करते हुए अपने नेटवर्क को व्यवस्थित करें तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग दें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर