गुरुग्राम: 285 करोड़ रुपये के हेरोइन तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
आठ महीने से फरार चल रहा था आरोपी, रोहतक से दबोचा गया
गुरुग्राम, 01 जून (हि.स.)। गुरुग्राम की एसटीएफ यूनिट ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 285 करोड़ रुपये की हेरोइन तस्करी से जुड़े मुख्य सरगना गुरप्रीत को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले आठ महीनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर रोहतक में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को भिवानी की जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
यूनिट प्रभारी प्रीतपाल सांगवान ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक पूछताछ और पुलिस इंटेलिजेंस के आधार पर हरियाणा और पंजाब में सक्रिय इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों की पहचान भी कर ली गई है। उनसे जुड़े सुरागों पर कार्रवाई जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
प्रीतपाल सांगवान के अनुसार पूरे सिंडिकेट का खुलासा उस समय हुआ जब सब-इंस्पेक्टर विवेक कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ गुरुग्राम की टीम ने भिवानी से रोहित नामक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.940 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 35 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
रोहित ने पूछताछ में ड्रग्स सिंडिकेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई गुरप्रीत, निवासी पीरावाली (हिसार), और राजेंद्र निवासी लुधियाना मिलकर इस अवैध कारोबार को चला हरे थे। जांच में यह भी सामने आया कि गुरप्रीत पंजाब के मोहाली में एंटी नार्काेटिक्स टास्क फोर्स द्वारा दर्ज एक अन्य मामले में भी मुख्य आरोपी है।
पुलिस के अनुसार 21 नवंबर 2025 को पंजाब में दर्ज एक मामले में 50.14 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप बरामद हुई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 250 करोड़ रुपये आंकी गई थी। गुरप्रीत उसी मामले में वांटेड चल रहा था। दोनों मामलों को मिलाकर इस ड्रग्स नेटवर्क का कारोबार 285 करोड़ रुपये से अधिक का माना जा रहा है।
यूनिट प्रभारी प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने विशेष टीम गठित की थी, जिसमें एएसआई विवेक कुमार, पीएसआई विपिन, हेड कांस्टेबल सूर्यकांत, नरेंद्र कुमार और दिनेश कुमार शामिल थे। टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और 28 मई 2026 को रोहतक से उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान उससे गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे ड्रग्स तस्करी के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े कई और खुलासे होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर