कॉमनवेल्थ खिलाड़ियों का सम्मान समारोह रद्द

 

चंडीगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने सात अगस्त को पंचकूला में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ खिलाड़ियों का सम्मान समारोह रद्द कर दिया है। इस कार्यक्रम के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।बताया जा रहा है कि देश के सभी कॉमनवेल्थ विजेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात शुक्रवार को होगी। प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम होने के चलते हरियाणा सरकार ने सम्मान समारोह को स्थगित कर दिया है। अब दोबारा इस कार्यक्रम का ऐलान किया जाएगा।

हरियाणा के खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 11 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा सरकार की तरफ से इन खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह के आयोजन का ऐलान किया गया था। पंचकूला में सम्मान समारोह के बाद सभी खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा चंडीगढ़ आवास पर रात्रि भोज भी दिया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा