कैथल:यातायात नियमों की अनदेखी पर सख्ती: एक सप्ताह में 129 वाहनों के चालान
कैथल, 13 अप्रैल (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। छह अप्रैल से 12 अप्रैल तक चले इस अभियान के दौरान कुल 129 वाहनों के चालान किए गए। इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस ने गलत लेन में वाहन चलाने, लाल-नीली लाइट का दुरुपयोग, नशे में ड्राइविंग तथा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों को निशाने पर लिया।
अभियान के दौरान गलत लेन में वाहन चलाने के 64, ध्वनि प्रदूषण करने के 20, लाल-नीली लाइट का अवैध इस्तेमाल करने के 1 तथा शराब पीकर वाहन चलाने के 44 मामलों में चालान किए गए। विशेष रूप से प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने और बुलेट बाइक से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने चालान के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग न करने की सख्त हिदायत दी। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि सड़क हादसों की रोकथाम के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के लिए भी यातायात नियमों पर आधारित कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि सड़कों पर सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे