कैथल:नाैकरी का झांसा देकर युवक का अपहरण करने के दाे आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिला में युवक के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव मटौर निवासी विकास और बजरंग के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गांव हाबड़ी निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जान-पहचान विक्की नाम के युवक से थी, जो उसे अपने साथ मटौर ले गया। वहां उसकी मुलाकात कुलदीप उर्फ राहुल से हुई, जिसने उसे गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर मनीमाजरा बुलाया और रहने के लिए कमरा भी दिया।
कुछ दिनों बाद कुलदीप अपने साथी विकास के साथ उसके कमरे पर आया और उसे एक बैग में रखा सफेद पाउडर (स्मैक) एक युवक को देने के लिए कहा। गौरव को गुरुद्वारा मनीमाजरा के पास उक्त सामान देने भेजा गया, लेकिन वहां मौजूद युवकों ने उससे सामान छीन लिया और बिना पैसे दिए फरार हो गए।
गौरव के अनुसार, घटना की जानकारी देने पर कुलदीप ने उससे पैसे देने या उनके लिए काम करने का दबाव बनाया। डर के चलते वह 29 मार्च को अपने गांव लौट आया। इसके बाद आरोपियों ने उससे 50 ग्राम स्मैक वापस करने की मांग की।
एक अप्रैल को विक्की उर्फ विक्रमजीत उसे बहाने से सुल्तान के बाड़ा ले गया, जहां कुलदीप, बजरंग और अन्य युवक पहले से मौजूद थे। यहां आरोपियों ने उसे धमकाया और बहाने से दुकान पर भेजा। जैसे ही वह दुकान के पास पहुंचा, काली स्कॉर्पियो में आए युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में खींच लिया। पुलिस के प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में प्रयुक्त गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गौरव के साथ पैसों का लेनदेन था और उसे सबक सिखाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे