कैथल:गेहूं-सरसों की खरीद में पेचीदगियां, उठान न होने से किसान व आढ़ती परेशानी : सुरजेवाला

 


कैथल, 11 अप्रैल (हि.स.)। कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने शनिवार को कैथल अनाज मंडी का दौरा कर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं जानी। इस दौरान उन्होंने मंडी में फसल उठान में देरी और खरीद प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को लेकर राज्य व केंद्र सरकार पर हमला बोला। विधायक ने कहा कि हरियाणा और केंद्र की सरकार रबी फसलों, विशेषकर गेहूं और सरसों की एमएसपी पर खरीद को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल के नाम पर किसानों पर नई-नई शर्तें थोपकर उन्हें मंडियों तक पहुंचने से पहले ही परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की फोटो अपलोड, बायोमेट्रिक सत्यापन, समय प्रतिबंध जैसी प्रक्रियाएं छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ी बाधा बन गई हैं। कई किसानों के पास अपने वाहन नहीं हैं, वहीं बायोमेट्रिक सिस्टम भी अक्सर फेल हो जाता है, जिससे फसल बिक्री में देरी हो रही है।

पट्टे पर खेती करने वाले किसानों की स्थिति को गंभीर बताते हुए सुरजेवाला ने कहा कि यदि जमीन मालिक मंडी में मौजूद न हो तो ऐसे किसानों की फसल बेचना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा मंडी से फसल बाहर ले जाने के लिए तीन अधिकारियों के हस्ताक्षर अनिवार्य होने से भी उठान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

विधायक ने बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार मुआवजे के नाम पर भी गंभीर नहीं है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी प्रक्रियागत अड़चनों को तुरंत हटाया जाए, गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया जाए, बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और फसल उठान के लिए तुरंत टेंडर जारी किए जाएं। साथ ही किसानों को समय पर भुगतान और फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। सुरजेवाला ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो कांग्रेस पार्टी किसानों और मजदूरों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांढ सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे